मॉर्निंग न्यूज ब्रीफआज से गैस सिलेंडर ₹200 सस्ता:चांद पर सल्फर और ऑक्सीजन मिला; दो इंडिगो फ्लाइट्स के इंजन हवा में बंद हुए9 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत से जुड़ी रही। एक खबर भारत के चंद्रयान-3 मिशन की रही। इसके रोवर ने चांद पर सल्फर और ऑक्सीजन समेत 9 एलिमेंट्स की पुष्टि की है। चांद पर सल्फर की मौजूदगी के क्या मायने है, हम ये भी बताएंगे…।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…
- आज से एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हो रहा है। पहला मैच पाकिस्तान और नेपाल के बीच पाकिस्तान के मुल्तान में खेला जाएगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. घरेलू गैस सिलेंडर आज से 200 रुपए सस्ता, उज्ज्वला सिलेंडर पर अब कुल ₹400 की रियायत
केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपए की कटौती की है। नई कीमतें आज से लागू होंगी। इसके साथ ही अब दिल्ली में सिलेंडर 1103 रुपए से घटकर 903 रुपए, भोपाल में 908 और जयपुर में 906 रुपए में मिलेगा। साथ ही 75 लाख नए उज्जवला कनेक्शन भी बांटे जाएंगे।
ये खबर अहम क्यों है: सरकार का कहना है कि इस फैसले से 33 करोड़ लोगों को फायदा होगा। वहीं सरकार पर वित्त वर्ष 2023-24 में 7,680 करोड़ का बोझ आएगा। अब तक सिर्फ उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपए की सब्सिडी मिलती थी। अब इन्हें कुल ₹400 की रियायत मिलेगी। इस साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में सरकार का यह कदम काफी मायने रखता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट्स के इंजन हवा में बंद, पायलट ने सेफ लैंडिंग कराई
एक दिन में इंडिगो की दो फ्लाइट के एक-एक इंजन हवा में बंद हो गए। हालांकि दोनों ही विमान सुरक्षित लैंड करा लिए गए। पहली घटना मदुरै से मुंबई जा रही फ्लाइट के साथ हुई। जबकि, दूसरी कोलकाता से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट के साथ घटी। मदुरै से उड़ी फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। वहीं एक विमान को कोलकाता लौटना पड़ा।
ये खबर अहम क्यों है: दोनों विमानों की उड़ान पर अब रोक है। इंडिगो के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी के इंजन इस्तेमाल होते हैं। इंजन की खराबी और कंपनी से रिप्लेसमेंट ना हो पाने के कारण इंडिगो के करीब 40 विमान महीनों से ग्राउंडेड हैं। दो इंजन वाले विमान एक इंजन पर सेफ लैंडिग कर सकते हैं। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) मामले की जांच कर रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. प्रज्ञान रोवर ने चांद पर सल्फर होने की पुष्टि की, ऑक्सीजन समेत 8 एलिमेंट्स भी मिले
इसरो ने 26 अगस्त को प्रज्ञान रोवर का दूसरा वीडियो शेयर किया था। जिसमें रोवर शिवशक्ति पॉइंट के पास घूमता दिखा।
चंद्रयान-3 ने चांद पर पहुंचने के पांचवें दिन दूसरा ऑब्जर्वेशन भेजा। इसके मुताबिक साउथ पोल पर सल्फर की मौजूदगी है। इसके अलावा ऑक्सीजन, एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम, सिलिकॉन और मैगनीज की मौजूदगी का भी पता चला है। हाइड्रोजन की खोज जारी है।
ये खबर अहम क्यों है: प्रज्ञान रोवर पर लगे पेलोड ने ये खोज की है। इससे पहले रोवर ने चांद पर तापमान से जुड़ा ऑब्जर्वेशन भेजा था। सल्फर की मौजूदगी से चांद के फॉर्मेशन और इसके इवोल्यूशन के बारे में जानकारी मिल सकती है। सल्फर आमतौर पर वोल्कैनिक एक्टीविटीज में निकलता है। इसकी मौजूदगी से चांद के इतिहास और संरचना से जुड़ी जानकारी पता करने में भी मदद मिल सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. केंद्र बोला- J&K को यूनियन टेरिटरी बनाने का फैसला अस्थायी, SC ने पूछा- राज्य का दर्जा कब देंगे
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र ने अदालत को बताया कि जम्मू-कश्मीर को दो अलग यूनियन टेरिटरी में बांटने का कदम अस्थायी है। लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश ही रहेगा, लेकिन जम्मू-कश्मीर को जल्द फिर से राज्य बनाया जाएगा। इस पर कोर्ट ने पूछा कि जम्मू-कश्मीर को वापस राज्य का दर्जा देने की क्या समय सीमा है। ये भी बताएं कि वहां चुनाव कब कराएंगे।
ये खबर अहम क्यों है: केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले आर्टिकल 370 को खत्म कर दिया था। सरकार के इस फैसले के खिलाफ दाखिल 23 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। अब तक 12 सुनवाई हो चुकी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. राजस्थान के मंत्री मेघवाल बोले- कोचिंग स्टूडेंट्स की मौत के लिए मोबाइल जिम्मेदार
कांग्रेस वॉर रूम के बाहर गहलोत सरकार में आपदा राहत मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा- बच्चों को मोबाइल की लत लग गई है।
पत्रकारों ने राजस्थान सरकार के मंत्री गोविंद राम मेघवाल से सवाल किया कि कोटा में बच्चों में सुसाइड की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस पर मेघवाल ने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत लग गई है। दिन-रात बच्चे इसी में लगे रहते हैं। उनमें डिप्रेशन बढ़ता है। पहले बच्चे परिवार में बैठते थे। बड़ों की सलाह लेते थे। सभी से अपील है कि वह अच्छी संगत में बैठें। गंदे लोगों की संगत छोड़ दें।
ये खबर अहम क्यों है: टेस्ट सीरीज में कम नंबर आने से तंग दो स्टूडेंट्स ने कोटा में रविवार को सुसाइड किया था। इसके बाद जिला कलेक्टर ने कोचिंग्स में दो महीने तक टेस्ट लेने पर रोक लगा दी है। अगस्त में 6 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। वहीं इस साल जनवरी से अब तक 24 मामले सामने आए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. जयपुर में ब्लास्ट की साजिश रचने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, दोनों 5-5 लाख रुपए के इनामी
जयपुर को दहलाने की साजिश रचने वाले इमरान खान और यूनुस साकी को नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। दोनों को NIA के स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
ये खबर अहम क्यों है: MP के रतलाम के रहने वाले इन आरोपियों की तलाश पिछले साल मार्च से ही थी। दोनों को महाराष्ट्र के पुणे से अरेस्ट किया गया है। वे यहां बम बनाने की ट्रेनिंग दे रहे थे। इनके तीन साथियों को पिछले साल गिरफ्तार कर लिया गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. I.N.D.I.A और NDA की मुंबई में एक ही दिन मीटिंग, NCP का शरद और अजित गुट भी शामिल होगा
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को मुंबई में होनी है। इधर, NDA की महाराष्ट्र यूनिट ने भी 1 सितंबर को मीटिंग बुलाई है। हालांकि इसमें महाराष्ट्र सरकार में शामिल एकनाथ शिंदे का शिवसेना गुट, भाजपा और अजित पवार का NCP गुट भी शामिल होगा।
ये खबर अहम क्यों है: NCP में फूट के बाद एक तरफ जहां शरद पवार विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे। वहीं उनके भतीजे और महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का गुट सत्ता पक्ष के साथ बैठक करेगा। उधर, कांग्रेस ने दावा किया है कि 18 जुलाई को दिल्ली में हुई NDA की बैठक में शामिल कुछ दल भी विपक्षी गठबंधन में शामिल होंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. चीन ने अरुणाचल, अक्साई चिन को अपना हिस्सा बताया, जयशंकर बोले- दावों से कुछ नहीं होता
चीन ने सोमवार (28 अगस्त) को अपना ऑफिशियल मैप जारी किया। इसमें भारत के अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चीन, ताइवान और विवादित दक्षिण चीन सागर को अपने क्षेत्र में दिखाया। इस पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ये चीन की पुरानी आदत है। उनके दावों से कुछ नहीं होता।
ये खबर अहम क्यों है: चीन इससे पहले भी भारतीय इलाकों को अपना बताता रहा है। चीन ने अप्रैल 2023 में अपने नक्शे में अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों के नाम बदल दिए थे। चीन ने पिछले 5 साल में तीसरी बार ऐसा किया है। इसके पहले 2021 में 15 जगहों और 2017 में 6 जगहों के नाम बदले थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
9. इमरान जमानत के बाद भी रिहा नहीं होंगे, सीक्रेट लेटर चोरी केस में हिरासत में लिए गए
तोशाखाना यानी सरकारी खजाने के करोड़ों रुपए के तोहफे बेचने के मामले में इमरान को 3 साल की सजा सुनाई गई थी। (फाइल)
इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने तोशाखाना केस में इमरान खान की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत पर रिहा करने का फैसला सुनाया। लेकिन खान के जेल से बाहर आते ही उन्हें सीक्रेट लेटर चोरी केस में हिरासत में ले लिया गया। आज इस मामले में खान की पेशी होगी।
ये खबर अहम क्यों है: अगर इमरान को आज जमानत मिल भी गई तो भी रिहाई मुश्किल है। क्योंकि जांच एजेंसियां उन्हें 3 दूसरे मामलों में भी गिरफ्तार कर सकती हैं। ये मामले हैं- अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम, महिला जज को धमकी देने और हलफनामे में बेटी (टायरिन व्हाइट) का नाम छिपाना।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- मणिपुर विधानसभा का विशेष सत्र बिना चर्चा के स्थगित: कांग्रेस का हंगामा, काला झंडा फहाराया; कुकी समुदाय के दो मंत्री और 8 विधायक नहीं आए (पढ़ें पूरी खबर)
- जातीय जनगणना पर केंद्र का नया हलफनामा: सुप्रीम कोर्ट से कहा- विशेष अधिकार वाला पैरा अनजाने में लिखा गया (पढ़ें पूरी खबर)
- 21 राज्यों में 2 सितंबर तक बारिश की संभावना नहीं: सिर्फ नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में होगी; सामान्य से कम बारिश के साथ खत्म होगा मानसून (पढ़ें पूरी खबर)
- नागपुर यूनिवर्सिटी में जनसंघ-भाजपा का इतिहास पढ़ाया जाएगा: राम जन्मभूमि भी सिलेबस में; कांग्रेस-कम्युनिस्ट पार्टी की हिस्ट्री हटाई (पढ़ें पूरी खबर)
- केएल राहुल एशिया कप में ग्रुप मुकाबले नहीं खेलेंगे: द्रविड़ ने कहा- राहुल पूरी तरह फिट नहीं, अभी NCA में ही रहेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
- चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग G-20 के लिए भारत आ सकते हैं: नई दिल्ली में होटल बुकिंग की खबर; सुनक-मैक्रों भी समिट में शामिल होंगे (पढ़ें पूरी खबर)
- WFI चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट का दखल देने से इनकार: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने इलेक्शन पर लगाई है रोक; 25 सितंबर को होगी सुनवाई (पढ़ें पूरी खबर)
अब खबर हटके…
दिल्ली में G20 समिट से पहले लंगूरों के कटआउट लगाए गए
दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को G20 समिट होनी है। इस दौरान बंदरों को समिट से दूर रखने के लिए लिए लंगूरों के कटआउट लगाए जा रहे हैं। हर कटआउट के साथ ऐसे लोगों की तैनाती होगी, जो लंगूर की आवाज निकालने में माहिर हैं। दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने ये पहल की है ताकि कोई विदेशी मेहमान बंदरों का शिकार न हो। उन होटलों में भी एक-एक लंगूर का कटआउट रखा जाएगा, जहां विदेशी मेहमान रुकेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
- मनमोहन और सोनिया पर केस करा चुका: क्या है सिख फॉर जस्टिस, जिसने दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर लिखवाए खालिस्तानी नारे
- फोटोग्राफर का सिर काटने से पहले हुई डीजे पार्टी: जयपुर में शराब पीने के दौरान कहासुनी; म्यूजिक की तेज आवाज में हाथ-पैर भी काट डाले
- भारत में लॉन्च हुई 100% एथेनॉल कार: महंगे पेट्रोलियम नहीं, खेतों में बने ईंधन से चलेगी; इसमें ब्राजील कैसे चैंपियन
- राजस्थान में BJP की नई रणनीति: कट्टर हिंदुत्व की छवि बदलकर दलित मुस्लिम वोट एकमुश्त कांग्रेस में जाने से रोकेगी
- पुलिस की पिटाई से मरे आदिवासी के गांव से रिपोर्ट: परिजन बोले- हमें नहीं पता कौन उसे कमरे में पटक गया, पीएम रिपोर्ट में चोट की पुष्टि
- एशिया कप क्रिकेट सीरीज, पार्ट-4: पिछले वर्ल्ड कप से भारत सबसे कामयाब टीम, पाक का टॉप-ऑर्डर सेंचुरी बनाने में अव्वल; श्रीलंका भी कमजोर नहीं
- बहनों से राखी बंधवाएंगे: साड़ी-सूट भी देंगे, असली सवाल-क्या आप संपत्ति में बहनों को बराबर का हिस्सा देंगे
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…