हिमाचल में पर्यटकों से गुलजार हुए पर्यटन स्थल:पहाड़ों पर लौटी रौनक; कई शहरों में 35% तक पहुंची ऑक्यूपेंसी, वीकेंड पर 50% होने की उम्मीदशिमला2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शिमला में बेखौफ होकर घूमते हुए पर्यटक
हिमाचल की टूरिज्म इंडस्ट्री आपदा के दिए जख्मों से उबरने लगी है। प्रदेश के पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं। पहाड़ों पर इससे रौनक लौटने लगी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी पर्यटकों ने हिमाचल आने की अपील की है।
ऑफ-सीजन के बावजूद कई पर्यटन स्थलों पर अब 20 से 35 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी हो गई है। खासकर सोलन के कसौली, बड़ोग, धर्मपुर और साधुपुल में 35 प्रतिशत से ज्यादा ऑक्यूपेंसी हो गई है। शिमला के होटलों में भी 15 से 25 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी पहुंच गई है।
शिमला में बेखौफ होकर घूमते पर्यटक
वीकेंड यानी आज और कल इसके 50 से 55 फीसदी होने की उम्मीद है। उधर, मनाली में भी वीकेंड पर 30 से 40 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी की संभावना है। प्रदेश में बीते 8 जुलाई के बाद से पर्यटन कारोबार भी भारी बारिश के बाद ठप्प पड़ा हुआ है। इससे टूरिज्म इंडस्ट्री को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। दो महीने तक ऑक्यूपेंसी 5 फीसदी से भी नीचे गिरी रही। अब पर्यटन कारोबार पटरी पर लौट रहा है।
वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद: सेठ
शिमला होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एमके सेठ ने बताया कि सड़कें बहाल होने के बाद पिछले चार-पांच दिन से पर्यटक पहाड़ों का रुख करने लगे हैं। इससे शिमला में भी रोनक बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि वीकेंड पर ऑक्यूपेंसी दोगुना होने की आस है।
देशभर से मनाली पहुंच रहे पर्यटक: अनूप
मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने बताया कि सड़कें खुलने के बाद पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल की पर्यटन सैरगाहे अब सैलानियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। देशभर से पर्यटक हिमाचल आकर होटलों में 50 प्रतिशत तक के डिस्काउंट का फायदा उठा सकते हैं।
50% तक के डिस्काउंट का फायदा उठाए पर्यटक
सूबे में निजी होटलों के साथ साथ हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के होटलों में भी पर्यटकों को 50% डिस्काउंट मिल रहा है। इसके बाद गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ इत्यादि राज्यों से पर्यटक पहाड़ों पर आ रहे हैं।
हिमाचल अब पर्यटकों के लिए सुरक्षित:CM
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में अब पूरी तरह सुरक्षित है। सैलानी अब बेखौफ होकर हिमाचल के पर्यटन स्थलों पर आ सकते है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़के बहाल कर दी है। अब मौसम भी अनुकूल बना हुआ है।