मॉर्निंग न्यूज ब्रीफDMK नेता ए. राजा बोले- सनातन धर्म HIV-कोढ़ जैसा:UPI से अब कैश निकाल सकेंगे; मोहन भागवत आरक्षण के पक्ष में42 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर DMK नेता ए.राजा के बयान से जुड़ी रही। उन्होंने सनातन धर्म को HIV और कोढ़ जैसा बताया है। उधर, भारत का पहला UPI एटीएम लॉन्च किया गया। अब बिना डेबिट कार्ड के भी ATM से कैश निकाल सकेंगे। हम आपको आगे बताएंगे कि मोहन भागवत ने आरक्षण के पक्ष में क्या कहा …
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन G20 समिट के लिए दिल्ली पहुंचेंगे। पहले दिन ही वो प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
- 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आएंगे। यहां 5 सितंबर को वोटिंग हुई थी। त्रिपुरा में 80% तो बंगाल में 70% से ज्यादा मतदान हुआ था।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. DMK नेता ए. राजा बोले – सनातन धर्म HIV-कोढ़ जैसा, मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
DMK नेता ए. राजा और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि ने सनातन धर्म पर बयान दिए, जो देशभर में मुद्दा बने हुए हैं।
तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि के बाद अब DMK नेता ए. राजा ने सनातन पर बयान दिया है। उन्होंने कथित तौर पर सनातन धर्म की तुलना HIV और कोढ़ से की है। राजा के इस बयान को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपमानजनक बताया। प्रधान ने कहा कि DMK नेता का ये बयान I.N.D.I.A गठबंधन का हिंदू फोबिया दिखाता है।
ये खबर अहम क्यों है: उदयनिधि और ए. राजा के दिए बयानों का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। दोनों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही दिल्ली और चेन्नई पुलिस को अवमानना नोटिस जारी करने की अपील भी की गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही सभी राज्यों की पुलिस को नफरत फैलाने वाले बयानों पर कार्रवाई का निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद DMK नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
2. भारत का पहला UPI एटीएम लॉन्च, QR कोड स्कैन करने से निकल जाएगा पैसा
भारत का पहला UPI एटीएम लॉन्च हो चुका है। इस सुविधा की मदद से अब बिना डेबिट कार्ड के ATM से पैसा निकाल पाएंगे। बस आपको UPI से QR कोड स्कैन करना होगा। अभी UPI एटीएम को मुंबई में चल रहे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में दिखाया गया। धीरे-धीरे इन मशीनों को देशभर में लगाया जाएगा।
ये खबर अहम क्यों है: नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने UPI एटीएम डेवलप किया है। इससे एक बार में 10,000 रुपए निकाले जा सकते हैं। स्मार्टफोन के बिना QR कोड स्कैन नहीं किया जा सकता। इसलिए जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, वो इस ATM का यूज नहीं कर पाएंगे। बता दें कि RBI ने 19 मई 2022 को UPI के जरिए कैश विड्रॉल की सुविधा देने की जानकारी दी थी।
3. मोहन भागवत बोले- जब तक समाज में भेदभाव रहेगा, आरक्षण रहना चाहिए
मोहन भागवत ने कहा कि हमने अपने साथी बंधुओं को सामाजिक व्यवस्था के तहत पीछे रखा। उनकी जिंदगी जानवरों जैसी हो गई, फिर भी उनकी परवाह नहीं की। ये खत्म होना चाहिए।
RSS प्रमुख मोहन भागवत का कहना है कि हमारे समाज में आज भी भेदभाव मौजूद है। जब तक ये असमानता बनी रहेगी, तब तक आरक्षण भी जारी रहना चाहिए। भागवत ने यह भी कहा कि अखंड भारत का सपना आज के युवाओं के बूढ़े होने से पहले सच हो जाएगा, क्योंकि 1947 में भारत से अलग होने वाले लोग अब महसूस कर रहे हैं कि उन्होंने गलती की।
ये खबर अहम क्यों है: जानकारों के मुताबिक, RSS जातिगत आरक्षण के खिलाफ रहा है। RSS का मत है कि आरक्षण आर्थिक आधार पर होना चाहिए। संघ के दूसरे सरसंघचालक गुरु गोलवलकर ने अपनी किताब 'विचारधन' में आरक्षण का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि समाज के सभी तबकों में गरीब लोग रहते हैं, इसलिए आरक्षण आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए।
4. दुनिया में बढ़ रहा कोरोना से मौत का आंकड़ा, WHO ने सभी देशों से डेटा मांगा
WHO ने दुनियाभर में कोरोना से मौत का आंकड़ा बढ़ने की पुष्टि की है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने इसके लिए सभी देशों से कोविड-19 से जुड़ा पूरा डेटा शेयर करने की अपील की है। WHO के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस ने कहा कि केवल 43 देश ही कोविड से होने वाली मौत के आंकड़े साझा कर रहे हैं। वहीं, सिर्फ 20 देश ऐसे हैं, जो भर्ती हुए मरीजों से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं।
ये खबर अहम क्यों है: WHO के मुताबिक, यूरोप में कोरोना की वजह से भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है, जबकि एशिया और मिडिल ईस्ट में मौत के आंकड़ों में इजाफा हुआ है। संगठन ने बताया कि फिलहाल दुनिया में कोई भी एक वैरिएंट ऐसा नहीं है, जो सबसे तेजी से फैल रहा हो। हालांकि, EG.5 ओमिक्रॉन बढ़ रहा है।
5. कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने कहा- भाजपा सरकार नीच और गरीबों की दुश्मन है
कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने लोगों से कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को एक भी वोट नहीं देना चाहिए।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि भाजपा सरकार नीच है। वो गरीबों की दुश्मन है। सिर्फ पूंजीपतियों का समर्थन करती है। ऐसी पार्टी को लोकसभा चुनाव 2024 में एक भी वोट नहीं देना चाहिए। दरअसल, कांग्रेस सरकार अन्न भाग्य योजना के तहत लाभार्थियों को अतिरिक्त 5 किलो चावल देना चाहती थी। इसके लिए उसने केंद्र से चावल मांगा, लेकिन उसने लास्ट मिनट पर राज्य को चावल देने से मना कर दिया।
ये खबर अहम क्यों है: सिद्धारमैया ने दावा किया है कि उन्होंने फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) से चावल मुफ्त में नहीं मांगा था। इसके लिए उन्हें 36 रुपए प्रति किलो के हिसाब से पैसे दे रहे थे। पहले उन्होंने हां कहा, लेकिन बाद में केंद्र के दबाव में मना कर दिया।
6. सचिन पायलट ने जन्मदिन पर सियासी शक्ति प्रदर्शन से दूरी बनाई, राजस्थान से बाहर रहे
सचिन पायलट के 46वें जन्मदिन पर उनके समर्थकों ने अपने स्तर पर कई प्रोग्राम किए। हालांकि, पायलट किसी भी प्रोग्राम में हिस्सा नहीं ले पाए। वे पारिवारिक काम से विदेश गए हैं और 9 सितंबर को लौटेंगे। सीएम अशोक गहलोत समेत कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने पायलट को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
ये खबर अहम क्यों है: पायलट को हाल ही में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) का मेंबर बनाया गया है। पायलट जुलाई 2020 से बिना पद के थे। उन्हें तीन साल बाद पद देकर मुख्यधारा में लाया गया है। ऐसे में माना जा रहा था कि उनके जन्मदिन पर समर्थक शक्ति प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
7. आसियान समिट में PM मोदी ने 12 सूत्रीय प्रस्ताव पेश किया, कहा- 21वीं सदी एशिया की सदी है
इंडोनेशिया के जकार्ता में 20वें आसियान समिट के दौरान PM मोदी आसियान के अन्य नेताओं के साथ तस्वीर खिंचवाते हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के जकार्ता में आसियान-इंडिया समिट में शामिल हुए। उन्होंने अपने 5 मिनट के संबोधन में कहा कि 21वीं सदी एशिया की सदी है। साथ ही उन्होंने कहा कि वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर हमारा मंत्र है।
ये खबर अहम क्यों है: PM मोदी ने आसियान समिट में 12 सूत्रीय प्रस्ताव पेश किया। इसमें उन्होंने आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ डिजिटल परिवर्तन, व्यापार और आर्थिक जुड़ाव जैसे क्षेत्रों में भारत-आसियान सहयोग को मजबूत करने की बात कही।
8. सूर्य की तरफ बढ़ रहे आदित्य L-1 ने ली सेल्फी, पृथ्वी-चंद्रमा की भी तस्वीर खींची
सूर्य की तरफ बढ़ रहे आदित्य-L1 ने अपने ऊपर लगे कैमरे से सेल्फी ली है। साथ ही पृथ्वी और चंद्रमा की भी फोटो खींची हैं। इन तस्वीरों को इसरों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। स्पेस एजेंसी ने बताया कि आदित्य-L1 ठीक से चल रहा है और उसके सारे कैमरे सही से काम कर रहे हैं।
ये खबर अहम क्यों है: आदित्य-L1 को सतीश धवन स्पेस सेंटर से 2 सितंबर को लॉन्च किया गया था। यह लैगरेंज पॉइंट (L1) पर रहकर सूर्य पर उठने वाले तूफानों को समझेगा। ये पॉइंट पृथ्वी से करीब 15 लाख किलोमीटर दूर है। यहां तक पहुंचने में इसे 4 महीने लगेंगे। ये फोटोस्फियर, क्रोमोस्फियर के अलावा सूर्य की सबसे बाहरी परत कोरोना की 7 पेलोड के जरिए टेस्टिंग करेगा।
9. एयरफोर्स ने 10000 फीट ऊंचाई पर लहराया G20 का झंडा, दिल्ली में 1.5 लाख जवान तैनात
एयरफोर्स के विंग कमांडर गजेंद्र ने 10000 फीट से स्काई डाइविंग करते हुए G20 का झंडा फहराया।
दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को G20 समिट का आयोजन होने जा रहा है। समिट में 29 देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। इसकी सुरक्षा के लिए देशभर के 1.5 लाख जवान तैनात किए गए हैं। उधर, भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर गजेंद्र ने 10, 000 फीट से स्काई डाइविंग करते हुए G20 का झंडा फहराया।
ये खबर अहम क्यों है: देश की राजधानी में होने वाली इस समिट में G20 के मेंबर 18 देशों के राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री, यूरोपियन यूनियन के डेलीगेट्स और 9 गेस्ट कंट्री के राष्ट्राध्यक्ष आएंगे। ये पहला मौका है, जब इतने वर्ल्ड लीडर एक साथ भारत आ रहे हैं। यही वजह है कि पूरी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- UP-MP, झारखंड, बिहार समेत 19 राज्यों में आज तेज बारिश: मानसूनी ब्रेक हटते ही लौटा बारिश का दौर; अगस्त में 36% कम पानी बरसा था (पढ़ें पूरी खबर)
- ग्रीन कार्ड पाने से पहले मर जाएंगे 4 लाख भारतीय: 134 साल का वेटिंग टाइम; अमेरिकी स्थायी निवासी कार्ड के इंतजार में 11 लाख लोग (पढ़ें पूरी खबर)
- सेना ने चीन-पाकिस्तान बॉर्डर पर तैनात किए हाईटेक ड्रोन: ये पहाड़ी इलाकों में वजन ले जा सकते हैं; लद्दाख के न्योमा बेल्ट में BRO बनाएगा एयरफील्ड (पढ़ें पूरी खबर)
- हरियाणा में महिला बोली- फैक्ट्री लगा दीजिए, रोजगार मिल जाएगा: CM मनोहर लाल बोले- अगली बार चंद्रयान-4 जाएगा, उसमें तुमको भेजेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
- रूसी हमले में 17 यूक्रेनियों की मौत: 32 लोग घायल; हमले के वक्त यूक्रेन में थे अमेरिका के विदेश मंत्री (पढ़ें पूरी खबर)
- अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास देह व्यापार: निंहग ने 2 युवतियां पकड़ी; थप्पड़ मारे, लड़की और उसके साथ आए युवक से माफी मंगवाई (पढ़ें पूरी खबर)
अब खबर हटके…
बिहार में सामाजिक कार्यकर्त्ता ने भगवान पर लगाई RTI, मौसम अनुकूल नहीं होने से है तंग
मौसम अनुकूल नहीं होने से तंग आकर राजकुमार झा ने भगवान पर RTI लगाई।
दरभंगा में सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार झा ने मौसम में हो रहे बदलाव से तंग आकर भगवान पर ही RTI लगा दी। उन्होंने प्रकृति के प्रकोप से हो रही जनमानस की क्षति से परेशान होकर यह कदम उठाया है। राजकुमार ने RTI लगाते हुए कहा कि भारत सरकार भगवान का सलाहकार बन जवाब दे कि मौसम परिवर्तन होने पर भगवान सही समय पर बारिश क्यों नहीं दे पाते? क्या प्रकृति से कुछ छेड़छाड़ हुई है? इसी विषय को लेकर भारत सरकार से सूचना अधिकार के तहत उन्होंने जवाब मांगा है। पढ़ें पूरी खबर…
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
- क्या पुतिन को भारत में गिरफ्तारी का डर: आखिर G20 में क्यों नहीं आ रहे, इंटरनेशनल वारंट या कोई और वजह
- इस एशिया कप से जुड़े 9 विवाद: बारिश में भारत-पाक मैच, खराब शेड्यूलिंग, महंगे टिकट और खाली स्टेडियम; अब फ्लडलाइट्स बनी समस्या
- G20 समिट की सिक्योरिटी में 1.30 लाख जवान: मिसाइल-फाइटर जेट तैनात, हमला होने पर सेफ हाउस में शिफ्ट होंगे विदेशी लीडर्स
- मुझे क्रिकेट पसंद, मां IAS बनाना चाहतीं: डिप्रेशन में गया, आत्महत्या करना चाहा; घरवालों को लगता उनका नाम डुबा दिया
- प्रियंका गांधी होंगी MP में कांग्रेस की लीड कैंपेनर: 40 से ज्यादा रैली- सभाएं करेंगी, राहुल छत्तीसगढ़-राजस्थान संभालेंगे
- राजस्थान के जोधपुर संभाग की 33 विधानसभा सीटों का रिजल्ट: दैनिक भास्कर ऐप पर उम्मीदवारों का सर्वे, लोगों को 12 विधायक और 1 मंत्री नापसंद
- MP के बुंदेलखंड में 7 जिलों की 29 विधानसभा सीटों का रिजल्ट: दैनिक भास्कर ऐप पर उम्मीदवारों का सर्वे, 15 मौजूदा विधायक नापसंद, इनमें दो मंत्री भी
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…